बरेली। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर नैनीताल मार्ग बरेली मे आज शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश द्वारा क्रियाकलाप जानने हेतु दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण का सफलतापूर्वक प्रारंभ हुआ। निरीक्षण दल में सतीश दीक्षित प्रधानाचार्य जलालाबाद, संजीव पांडे प्रधानाचार्य फरीदपुर, कमलेश मीरा चौकी बदायूं, लालाराम सिविल लाइंस बदायूं , और राजकुमार कार्यालय प्रमुख सिविल लाइन बदायूं ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्चन कर निरीक्षण का प्रारंभ किया विद्यालय प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने सभी निरीक्षक बन्धुओं का पटका डालकर स्वागत कर परिचय करवाया शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने निरीक्षण के विषय में बताते हुए कहा निरीक्षण के प्रथम दिवस निरीक्षक मंडल ने विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यालय अभिलेख गतिविधियों का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, पाठ्यक्रम संचालन, शिक्षक-छात्र संवाद, अनुशासन, स्वच्छता, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं तथा भौतिक संसाधनों का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कक्षा-कक्षों में शिक्षण कार्य को प्रभावी, अनुशासित एवं छात्र-केंद्रित पाया गया। विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर, आत्मविश्वास एवं संस्कारयुक्त आचरण निरीक्षण दल द्वारा सराहनीय बताया गया। विद्यालय द्वारा आयोजित सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ जैसे खेल, योग, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नैतिक शिक्षा को भी विशेष रूप से प्रशंसा प्राप्त हुई।निरीक्षण दल ने विद्यालय के आचार्यों के समर्पण, कार्य निष्ठा एवं प्रबंधन की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना की तथा कुछ रचनात्मक सुझाव भी प्रदान किए, जिन्हें भविष्य में लागू करने का आश्वासन विद्यालय प्रशासन द्वारा दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने निरीक्षण दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के निरीक्षण विद्यालय को निरंतर गुणवत्ता सुधार की दिशा में प्रेरित करते हैं। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा शैक्षिक उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया गया।











Users Today : 19
Total Users : 1252584
Views Today : 20
Total views : 1353754